लौरिया थाना क्षेत्र के दुबौलिया गांव में नापी के दौरान हिंसा, प्रशासनिक टीम पर हमला
28 नामजद व 120 अज्ञात पर प्राथमिकी, 11 महिलाओं सहित 14 गिरफ्तार।
लौरिया से राजा मिश्रा के सहयोग से बेतिया से वकीलुर रहमान खान की ब्यूरो रिपोर्ट।
लौरिया (पच्छिम चम्पारण)
लौरिया थाना क्षेत्र के बेलवा लखनपुर पंचायत अंतर्गत दुबौलिया गांव में दोबारा नापी करने गई प्रशासनिक टीम पर हुए हमले के मामले में अंचल अधिकारी नीतेश कुमार सेठ के आवेदन पर लौरिया थाना में कांड संख्या 4/26 दर्ज की गई है। इस मामले में 28 लोगों को नामजद करते हुए 120 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना तीन जनवरी की है, जब अंचल प्रशासन की टीम भूमि की दोबारा पैमाइश के लिए दुबौलिया गांव पहुंची थी। बताया जाता है कि पैमाइश शुरू होते ही कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध देखते ही देखते उग्र हो गया और प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल नापी कार्य बाधित किया, बल्कि आगजनी की घटना को अंजाम दिया और पांच अधिकारियों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दुबौलिया गांव में छापेमारी शुरू की। पुलिस ने खेनर राम के पुत्र बंसराज राम, डोमा राम के पुत्र लक्ष्मण राम तथा रमाकांत राम के पुत्र सुभाष कुमार सहित कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 3 पुरुष एवं 11 महिलाएं शामिल हैं।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि अंचल अधिकारी के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि शेष नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
