ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार की मौके पर दर्दनाक मौत, चालक फरार।
लौरिया से राजा मिश्रा के सहयोग से बेतिया से वकीलुर रहमान खान की ब्यूरो रिपोर्ट।
लौरिया(पच्छिम चम्पारण)
लौरिया–बगहा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक के नीचे आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक हीरो स्प्लेंडर बाइक (नंबर BR 22 AZ 2530) से लौरिया की ओर से बगहा जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने लाई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान गोबरहिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया दोन निवासी नगीना साह के पुत्र उमा साह के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और ट्रक चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास तेज किया गया है।
