लौरिया–नंदनगढ़ सड़क निर्माण का रास्ता साफ, दो किलोमीटर सड़क की पैमाइश शुरू।

लौरिया–नंदनगढ़ सड़क निर्माण का रास्ता साफ, दो किलोमीटर सड़क की पैमाइश शुरू।

Bettiah Bihar West Champaran

लौरिया–नंदनगढ़ सड़क निर्माण का रास्ता साफ, दो किलोमीटर सड़क की पैमाइश शुरू।

लौरिया से राजा मिश्रा के सहयोग से बेतिया से वकीलुर रहमान खान की‌ ब्यूरो रिपोर्ट।

लौरिया (पच्छिम चम्पारण)
नगर पंचायत लौरिया में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एनएच-727 (लौरिया–बेतिया मुख्य सड़क) से पेट्रोल पंप होते हुए नंदनगढ़ जाने वाली ग्रामीण सड़क (छवर) के नवनिर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सड़क निर्माण से पहले कच्ची सड़क की पैमाइश का कार्य आरंभ किया गया है, जिससे निर्माण कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
इस संबंध में आरडब्ल्यूडी कार्य प्रमंडल बगहा के सहायक अभियंता एवं विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि लगभग दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के नवनिर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सरकारी अमीन द्वारा सरकारी नक्शे के अनुसार सड़क की वास्तविक चौड़ाई और लंबाई की पैमाइश कर चिन्हांकन किया जा रहा है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि सड़क निर्माण के दौरान किसी प्रकार का विवाद या अड़चन उत्पन्न न हो।
बताया गया कि लंबे समय से यह सड़क जर्जर अवस्था में थी, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लौरिया नगर पंचायत क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी।
इस सड़क के निर्माण से मिश्रा टोला, पड़रौन सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को अब बाजार, अस्पताल, विद्यालय और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने पर खुशी जताई है और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
मौके पर सरकारी अमीन, संवेदक विजय कुमार तिवारी के अलावा नगर पंचायत लौरिया के कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *