पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई की ऐतिहासिक जीत, समर्थकों में उत्साह
प्रधान संपादक, ललन कुमार सिन्हा
पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर करीब 40 वर्षों बाद परचम लहराया है। अध्यक्ष पद पर शांतनु शेखर की प्रचंड जीत के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है।
छात्र नेता सह जन अधिकार छात्र परिषद के पूर्व तिरहुत प्रमंडल अध्यक्ष आकाश सिंह राठौड़ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और संकल्प की ऐतिहासिक विजय है। उन्होंने कहा कि इस सफलता में सांसद पप्पू यादव का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम युवाओं की उस आवाज का प्रतिफल है, जो बेटियों की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर उठी थी। यह जीत बिहार की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
आकाश सिंह राठौड़ ने कहा कि यह उन युवाओं की जीत है, जिन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया। साथ ही उन्होंने संकल्प दोहराया कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
एनएसयूआई के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि जब वे एकजुट होकर संकल्प लेते हैं, तो बदलाव निश्चित होता है।
