पर्यावरण टी एल एम में राज्य स्तर पर तृतीय स्थान, NPS जोड़ापाकड़ बगही भेलवा के प्रधान शिक्षक रामनिवास कुमार ने बढ़ाया जिले का मान।
प्रधान संपादक:ललन कुमार सिन्हा
घोड़ासहन/पूर्वी चंपारण: राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) पटना द्वारा राज्य स्तर पर आयोजित TLM मेला 3.0 में पर्यावरण विषय पर तैयार किए गए टी एल एम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के लिए नवसृजित प्राथमिक विद्यालय भेलवा के प्रधान शिक्षक रामनिवास कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर घोड़ासहन सहित पूरे पूर्वी चंपारण जिले का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री विक्रम वीरकर तथा एससीईआरटी के डिप्टी डायरेक्टर श्री संजय कुमार ने रामनिवास कुमार द्वारा तैयार किए गए टीएलएम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।पर्यावरण के प्रति जागरूकता को रोचक ढंग से समझाने के लिए जमूरे और डमरू के माध्यम से की गई प्रस्तुति से दोनों अधिकारी काफी प्रभावित हुए।
‘नन्हे बीज की कहानी’ के नाम से तैयार किए गए शिक्षण अधिगम सामग्री ने उपस्थित पदाधिकारियों, विद्यार्थियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों का ध्यान आकृष्ट करने में सफलता प्राप्त की ।
रामनिवास कुमार की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया है।
