घरेलू गैस से लगी आग, भाई-बहन झुलसे; गंभीर हालत में युवती बेतिया जीएमसीएच रेफर।
,लौरिया से राजा मिश्रा के सहयोग से बेतिया से वकीलुर रहमान खान की ब्यूरो रिपोर्ट।
लौरिया(पच्छिम चम्पारण)
लौरिया थाना क्षेत्र के बसवरिया पंचायत अंतर्गत पराऊ टोला स्थित बसवरिया गांव में घरेलू गैस चूल्हा जलाने के दौरान अचानक आग लग जाने से एक युवती और उसका भाई झुलस गए। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लौरिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
घायलों की पहचान बसवरिया वार्ड संख्या 12 निवासी जितेन्द्र शर्मा की 16 वर्षीय पुत्री अर्चना कुमारी और 14 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। चिकित्सक डॉ. अफरोज ने बताया कि दोनों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं अर्चना कुमारी की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे बेतिया स्थित जीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जबकि अंकित का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
घटना के संबंध में घायल बच्चों के पिता जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि उनकी पुत्री अर्चना कुमारी खाना बनाने के लिए रसोईघर में गई थी। जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाया, अचानक गैस से आग भड़क गई और वह झुलसने लगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर छोटा भाई अंकित उसे बचाने के लिए दौड़ा। बहन को बचाने के प्रयास में वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गया।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। वहीं चिकित्सकों ने घरेलू गैस के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
