ब्यूरो रिपोर्ट, बेतियाः कोरोना वायरस जनित कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने हेतु सरकार द्वारा विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं। इस वायरस के संक्रमण से सम्पूर्ण देश भयाक्रांत है। इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन के द्वारा महामारी घोषित किया जा चुका है। वर्तमान में इसके प्रकोप से भारत देश सहित कई देश ग्रसित हैं। इसी कड़ी में दिनांक-25.03.2020 से 21 दिनों के लिए सम्पूर्ण देश में लाॅकडाउन लागू है।
जिलास्तर पर इस महामारी से निपटने के लिए विभिन्न कोषांगों का गठन कर आवश्यक कार्रवाई युद्धस्तर पर की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में जिला पदाधिकारी, श्री कुंदन कुमार द्वारा मुख्य सचिव, बिहार के निदेशानुसार पूर्व में गठित कोषांगों के अतिरिक्त दो अन्य कोषांगों का भी गठन किया गया है। जिसमें मीडिया कोषांग तथा कम्यूनिटी किचेन कोषांग के नाम शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड-19 के फलस्वरूप लाॅकडाउन के कारण जिला मुख्यालय में व्यक्ति, मजदूर, निर्धन, निराश्रित एवं अन्य आघात योग्य वर्गों को भोजन एवं आवासन की समस्या से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसके लिए आवश्यक है कि जिला मुख्यालय में स्थल को चिन्हित कर सोशल डिस्टेंसिंग के अनुरूप उनके आवासन की व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र को आपदा राहत केन्द्र के रूप में संचालित किया जायेगा तथा वहां रह रहे लोगों के भोजन के लिए कम्यूनिटी किचेन का संचालन किया जायेगा। आपदा राहत केन्द्र में बिजली, सफाई, शौचालय आदि की पर्याप्त व्यवस्था तथा भोजन कराने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का कडाई से पालन करने हतु जिलाधिकारी द्वारा निदेशित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा राहत केन्द्र में रहने वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग उसी जगह पर किया जायेगा। उसके बाद ही उन्हें आवासन की अनुमति दी जायेगी। आवासन करने वाले सभी व्यक्तियों का पहचान पत्र यथा आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइेंस की एक प्रति अनिवार्य रूप से संधारित की जाय। उन्होंने कहा कि आपदा राहत केन्द्र पर संक्रमण को फैलने के दृष्टिकोण से मास्क, हैण्डवाॅश, सेनिटाईजर की व्यवस्था सिविल सर्जन से समन्वय स्थापित कर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर निकाय द्वारा सुनिश्चित किया जायेगा। कम्यूनिटी किचेन कोषांग के वरीय पदाधिकारी, श्री विजय कुमार उपाध्याय, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, बेतिया को बनाया गया तथा तथा नोडल पदाधिकारी के रूप में श्री अनिल कुमार राय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण को नामित किया गया है।
वहीं इस आपदा की घड़ी में किये जा रहे विभिन्न कार्यों, बैठकों आदि का प्रेस नोट तैयार करने, आवश्यक वस्तुओं की सूची एवं दर प्रेस को देने सहित अन्य कार्यों के सफलतापूर्वक संचालन हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा मीडिया कोषांग का गठन कर दिया गया है। मीडिया कोषांग का वरीय प्रभारी पदाधिकारी, श्री रवीन्द्र नाथ प्रसाद सिंह, उप विकास आयुक्त को बनाया गया है। वहीं श्रीमती रश्मि कुमारी, जिला सूचना एवं जन सम्पर्क पदाधिकारी तथा श्री रवि प्रकाश, नजारत उप समाहर्ता को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। मीडिया कोषांग में प्रतिनियुक्त अन्य कर्मियों में श्री प्रभाष कुमार, श्री मनोज कुमार, श्री किशोर कुमार साह, श्री संजय कुमार के नाम शामिल हैं।