ससमय पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह का किया औचक निरीक्षण।
बेतिया से वकीलुर रहमान खान की ब्यूरो रिपोर्ट।
बेतिया। जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय ने आज पर्यवेक्षण गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने गृह के बच्चों से उपलब्ध सुविधाओं आदि की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बच्चों से पूछा कि यहाँ कोई दिक्कत तो नहीं हो रही है। खाना आदि ससमय मिलता है कि नहीं। किताब, स्लीपर आदि मिला है अथवा नहीं। बच्चों ने जिलाधिकारी को बताया कि यहाँ सभी सुविधाएं समय पर मिल रही है।
जिलाधिकारी द्वारा पर्यवेक्षण गृह के रसोई घर का जायजा लिया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा/निर्देश दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को ससमय पौष्टिक एवं संतुलित खाना मिलना चाहिए। साथ ही उन्हें अन्य सुविधाएं भी समय पर मिले, इसे सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था है। इसे निरन्तर बनाए रखना है। बच्चों की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। इसके साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य एवं सेहत के प्रति अधिकारियों को जागरूक रहना है। नियमित तौर पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराना सुनिश्चित किया जाय।
निरीक्षण के क्रम में एसडीएम, बेतिया, श्री विनोद कुमार, प्रभारी अधिकारी, पर्यवेक्षण गृह, श्री ब्रज भूषण कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।