जिलाधिकारी ने लौरिया प्रखंड कार्यालय तथा नरकटियागंज प्रखंड एवं अनुमंडल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।

जिलाधिकारी ने लौरिया प्रखंड कार्यालय तथा नरकटियागंज प्रखंड एवं अनुमंडल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।

Bettiah Bihar West Champaran लौरिया

तीव्र गति से कार्यों को निष्पादित करने का दिया निर्देश।

लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की भी की गयी समीक्षा।

बेतिया से वकीलुर रहमान खान की ब्यूरो रिपोर्ट

बेतिया। जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय ने आज लौरिया प्रखंड कार्यालय, नरकटियागंज प्रखंड एवं अनुमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में विभिन्न विभागों के कार्यालयों में जाकर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों से कार्यालय के वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस क्रम में कमी पाये जाने पर आवश्यक दिशा-निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाये गये कर्मियों एवं अधिकारियों की खोजबीन जिलाधिकारी द्वारा की गयी। संतुष्ट नहीं होने पर चेतावनी देकर वरीय पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया गया। साथ ही कार्यालय में रक्षित आगत-निर्गत पंजी, कैशबुक, कर्म पुस्तिका का अवलोकन किया गया।

जिलाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय में अवस्थित वीसी रूम, सभाकक्ष, निर्वाचन कक्ष, लोहिया स्वच्छता अभियान कक्ष, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत कक्ष, सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को ससमय कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में आम जनता द्वारा शिकायत किये जाने पर उनकी समस्याओं को जिलाधिकारी द्वारा गंभीरता से सुना गया। साथ ही समस्याओं का निराकरण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया।

अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान म्युटेशन कार्य समयबद्ध नियमानुसार करने का सख्त निर्देश अधिकारियों एवं कर्मियों को दिया गया। आमजनों द्वारा म्युटेशन कार्य को लेकर आ रही परेशानियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी एवं कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि कार्यों को नियमानुसार ससमय पूरा कराना सुनिश्चित किया जाय। आमजनों को बेवजह परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाय।

मनरेगा कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में कार्यक्रम पदाधिकारी से किये जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी द्वारा ली गयी। साथ ही नियमानुसार सभी लंबित कार्यों को यथाशीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। कार्यालय में उपस्थित कर्मियों से भी पूछताछ की गयी।

इसी क्रम में अवर निबंधन कार्यालय एवं आपूर्ति कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय आदि का भी निरीक्षण जिलाधिकारी द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने कार्यों को ससमय पूरा करने का निर्देश दिया।

लौरिया प्रखंड कार्यालय निरीक्षण के क्रम में आम जनता एवं अधिकारियों द्वारा बताया गया कि प्रखंड कार्यालय की चहारदीवारी नहीं होने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

नरकटियागंज अनुमंडल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में एसडीएम कार्यालय वेश्म में संबंधित पदाधिकारियों के साथ आगामी लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गयी।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्रीमती प्रतिभा रानी, एसडीएम, नरकटियागंज, श्री सूर्य कुमार गुप्ता, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी, श्री अनंत कुमार, निदेशक, डीआरडीए, श्री अरूण प्रकाश, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *