लौरिया में टीएलएम लगा मेला: नवाचारी शिक्षकों का सम्मान, गुणवत्तापूर्ण व रुचिकर शिक्षा पर विशेष जोर।

लौरिया में टीएलएम लगा मेला: नवाचारी शिक्षकों का सम्मान, गुणवत्तापूर्ण व रुचिकर शिक्षा पर विशेष जोर।

Bettiah Bihar West Champaran लौरिया

लौरिया में टीएलएम लगा मेला: नवाचारी शिक्षकों का सम्मान, गुणवत्तापूर्ण व रुचिकर शिक्षा पर विशेष जोर।

लौरिया से राजा मिश्रा के सहयोग से बेतिया से वकीलुर रहमान खान की‌ ब्यूरो रिपोर्ट।

लौरिया (पच्छिम चम्पारण)
लौरिया के साहू जैन हाई स्कूल परिसर में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में शिक्षकों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार और आधुनिक शिक्षण विधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जगदीश राम ने की।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जगदीश राम द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि टीएलएम के माध्यम से बच्चों को कठिन विषय भी सरल, रोचक और व्यवहारिक तरीके से समझाए जा सकते हैं। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ती है और कक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है। उन्होंने शिक्षकों से नवाचार को निरंतर अपनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
मेले में प्रखंड के सभी सीआरसी से आए शिक्षकों ने अपने-अपने टीएलएम का प्रस्तुतीकरण किया। शिक्षकों ने बताया कि कैसे चार्ट, मॉडल, खेल आधारित सामग्री और प्रयोगात्मक तरीकों से बच्चों में सीखने की रुचि विकसित की जा सकती है। समन्वयक संतोष यादव, संजीव कुमार, गोपालजी मिश्रा, मिर्जा हेदैतुल्लाह बेग एवं मनोज यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि टीएलएम शिक्षा को न केवल मनोरंजक बनाता है, बल्कि बच्चों के बौद्धिक विकास में भी सहायक है। प्रतियोगिता में कुल 42 प्रतिभागी शिक्षकों ने भाग लिया।
निर्णायक मंडल में शामिल संतोष यादव, रंजीत वर्मा, सुमेन्द्र श्रीवास्तव, तेजनारायण पांडेय, मो. अतिउल्ला एवं मजिस्टर राय ने सभी प्रदर्शनों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा विषय को समझाने की विधि, बच्चों की सहभागिता और प्रदर्शनी की उपयोगिता के आधार पर मूल्यांकन किया।
टीएलएम प्रतियोगिता में सीआरसी उत्क्रमित हाई स्कूल बनकटवा को प्रथम, सीआरसी उत्क्रमित हाई स्कूल मुशारी को द्वितीय तथा सीआरसी बीकेजी प्राथमिक विद्यालय संस्कृत को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। पीबीएल प्रतियोगिता में उत्क्रमित मध्य विद्यालय दानियाल परसौना प्रथम, उत्क्रमित मध्य विद्यालय धोबनी द्वितीय और मध्य विद्यालय मठिया तृतीय स्थान पर रहा। वहीं अविष्कार प्रतियोगिता में उत्क्रमित मध्य विद्यालय दानियाल परसौना ने प्रथम, मध्य विद्यालय बनकटवा ने द्वितीय तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय पकड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा कर्मी एवं प्रशासनिक कर्मचारी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन पूरी तरह सफल और प्रेरणादायी साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *