आम नागरिक की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी।

आम नागरिक की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी।

Bettiah Bihar West Champaran

जिलाधिकारी द्वारा मधुबनी प्रखंड के रंगललही पंचायत में गंडक नदी से कटाव की सूचना पर रविवार को किया गया निरीक्षण।

बेतिया से वकीलुर रहमान खान की ब्यूरो रिपोर्ट!

बेतिया। मधुबनी प्रखंड अंतर्गत रंगललही पंचायत के गादियानी टोला में कटाव स्थल पर किये जा रहे सुरक्षात्मक कार्य का आज जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय द्वारा निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को बताया गया कि गंडक नदी के द्वारा विगत 4-5 दिन से काफी तेज गति में कटाव किया गया है जिसके कारण पीपी तटबन्ध पर खतरा बना हुआ है। मौके पर उपस्थित मुख्य अभियंता, जल निस्सरण एवं बाढ़ नियंत्रण, जल संसाधन विभाग, गोपालगंज द्वारा बताया गया कि उन्हें इस कटाव की सूचना जैसे ही प्राप्त हुई, तत्काल कटाव निरोधी कार्य प्रारंभ करा दिया गया। उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से नदी की धारा में बदलाव होने के कारण कटाव हुआ है, जिससे बचाव हेतु युद्ध स्तर पर कार्य कराया जा रहा है।

मुख्य अभियंता द्वारा जानकारी दी गयी कि कटाव की रोकथाम एवं बचाव हेतु पर्याप्त संख्या में जिओ बैग्स उपलब्ध हैं एवं और भी बैग्स की तैयारी विभिन्न स्थलों पर कराया जा रहा है। इसी प्रकार से रोकथाम के लिए बोल्डर, परक्यूपाइन की भी पर्याप्त व्यवस्था स्थल पर उपलब्ध है। राउंड ओ क्लॉक मजदूरों के द्वारा कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनजीवन को कोई क्षति नहीं हो, इसके प्रति सचेत रहते हुए कटाव निरोधी कार्य करना है। नदी के कटाव से बचाने हेतु तकनीकि रूप से जो भी सम्भव हो कराया जाए। जिस भी संसाधन की आवश्यकता हो उसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। कटाव से बचाव हेतु युद्ध स्तर पर सुरक्षात्मक कार्य कराना सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने निर्देश दिया कि तटबंधों की लगातार पेट्रोलिंग करायी जाय।

इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा ग्रामीणों से वार्ता किया गया एवं उनका फीडबैक लिया। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि कटाव निरोधी कार्य तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन कार्य योजना की तैयारी के समय ग्रामीणों से भी विमर्श किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों की समस्या के आधार पर कार्य योजना तैयार हो।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कटाव से किसी भी प्रकार की क्षति नहीं होने दिया जाएगा। लोग निश्चिन्त रहें, सरकार एवं जिला प्रशासन हर मुमकिन प्रयास कर रही है।

जिलाधिकारी द्वारा रंगललही में निर्मित स्पर का भी निरीक्षण किया गया एवं आवश्यक निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को निर्देश देते हुए स्थिति पर निकट नियंत्रण रखने का निर्देश दिया गया। उपस्थित स्थानीय मुखिया एवं ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील की गई।

इस क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सूचना के आधार पर धनहा-रतवल पुल के पश्चिम गाइड बांध के समीप हो रहे कटाव स्थल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थल पर जीओ बैग्स पाए गए, जिनका उपयोग नहीं किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा मौके पर उपस्थित सहायक अभियंता को आवश्यकतानुसार जिओ बैग्स का सदुपयोग करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान श्री अनिल राय, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण, अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा, डॉ0 अनुपमा सिंह, श्री विपिन कुमार, प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन शाखा, विशेष कार्य पदाधिकारी, श्री सुजीत कुमार, मुख्य अभियंता, जल निस्सरण एवं बाढ़ नियंत्रण, जल संसाधन विभाग, गोपालगंज, चेयरमैन, फ्लड कंट्रोल, अधीक्षण अभियंता, लाल बहादुर गुप्ता, बाढ़ नियंत्रण अंचल पडरौना, कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल इत्यादि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *