लौरिया में दर्दनाक सड़क हादसा: एनएच-727 पर बाइक पोल से टकराई, दो युवक घायल, एक जीएमसीएच रेफर।
लौरिया से राजा मिश्रा के सहयोग से बेतिया से वकीलुर रहमान खान की ब्यूरो रिपोर्ट।
लौरिया (पच्छिम चम्पारण)
लौरिया–बगहा मुख्य मार्ग एनएच-727 पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोल प्लाजा के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एनएच एंबुलेंस के जरिए लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आई. हक ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के दौरान एक युवक पुनीत चौबे की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे घायल का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
घायलों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के गोनौली डुमरा पंचायत अंतर्गत गोनौली गांव, वार्ड संख्या 9 निवासी सोहन चौबे के पुत्र पुनीत चौबे और शांति चौबे के पुत्र निपु चौबे के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक किसी कार्य से लौरिया आए थे और वापस घर लौटने के दौरान टोल प्लाजा के पास हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
