हाउस होल्ड यूटिलिटी एवं अन्य सेक्टर में हुनरमंद कामगारों के लिए असीम संभावनाएं: जिलाधिकारी।

हाउस होल्ड यूटिलिटी एवं अन्य सेक्टर में हुनरमंद कामगारों के लिए असीम संभावनाएं: जिलाधिकारी।

Bihar West Champaran

तकनीक के प्रयोग से तैयार किया जायेगा काॅमन प्लेटफाॅर्म।

ब्यूरो रिपोर्ट, बेतिया: लाॅकडाउन के दौरान वापस लौटे कामगारों को उनके हुनर के अनुसार इसी जिले में रोजगार मुहैया कराने के उदेश्य से जिला प्रशासन तीव्र गति से कार्य कर रहा है। विभिन्न सेक्टरों में कार्य करने वाले हुनरमंद व्यक्तियों को रोजगार भी उपलब्ध करा दिया गया है। अन्य कामगार श्रमिक जो इसी जिले में कार्य करने के इच्छुक हैं तथा उन्हें सरकारी सहायता की आवश्यकता है, उन्हें भी जिला प्रशासन हर संभव मदद कर रही है ताकि वे अपना जीविकोपार्जन कर सके। जिलाधिकारी, श्री कुंदन कुमार आज समाहरणालय सभाकक्ष में बिहार राज्य के बाहर घरेलू उपकरणों जैसे- एयर कंडिशनर, वाशिंग मशीन, आरओ की मरम्मति एवं उत्पादन कार्य में संलग्न व्यक्तियों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि एयर कंडिशनर, वाशिंग मशीन, आरओ आदि ऐसी चीजें हैं, जिनकी मरम्मति की जरूरत हमेशा किसी ना किसी को होती रहती है, और तक हमें किसी व्यक्ति विशेष पर निर्भर रहना पड़ता है। इस समस्या के निवारण हेतु जिला प्रशासन आम नागरिकों की सुविधा और बाहर से वापस लौटे कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के उदेश्य से एक टेक्नोलाॅजी प्लेटफाॅर्म देने की तैयारी कर रही है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित विभिन्न हुनरमंद व्यक्तियों से कहा कि आपलोग अनआॅर्गेनाइज सेक्टर में कार्य करते हैं। जिला प्रशासन आप सभी को एक ऐसा प्लेटफाॅर्म देने का कार्य कर रहा है जिससे आप सभी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आप सभी में कुछ न कुछ हुनर है। जिला प्रशासन आपके हुनर का सम्मान करता है। आपके हुनर को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य की प्रगति में व्यवहार कुशलता का अत्यधिक महत्व है। आप कहीं भी कार्य करने जायें वहां के व्यक्तियों से अपना व्यवहार मधुर रखें तथा बेहतर कार्य करें। आपके बेहतर कार्य की बदौलत जरूरतमंद व्यक्तिों में आपकी पूछ काफी बढ़ जायेगी।

उन्होंने कहा कि लाॅकडाॅउन के दौरान वापस लौटे हुनरमंद कामगारों तथा पूर्व से इस जिले में रह रहे कामगारों को रोजगार मुहैया कराने की दिशा में जिला प्रशासन अथक प्रयास कर रहा है। स्किल मैपिंग कराकर बहुत सारे व्यक्तियों को इसी जिले में रोजगार भी उपलब्ध करा दिया गया है तथा वे अपना जीविकोपार्जन भी अच्छे तरीके से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेहनत की बदौलत आगे बढ़ रहे हैं तथा अन्य बेरोजगारों को रोजगार देने का कार्य कर रहे हैं उनके समक्ष उत्पन्न सभी समस्याओं का निराकरण करने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहायता करेगा। जिला प्रशासन सभी व्यक्तियों को रोजगार मुहैया कराने तथा आने वाली पीढ़ी को एक बेहतर भविष्य प्रदान करने की दिशा में कारगर तरीके से कार्य कर रहा है। इस कार्य में लगे सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का कार्य अत्यंत ही सराहनीय है जो इतने कम समय में कठिन परिश्रम की बदौलत बहुत सारे बेरोजगार व्यक्तियों को इसी जिले में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

समीक्षा के क्रम में दिल्ली में एसी रिपेयरिंग का कार्य करने वाले इसी जिले के नितेश कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में एसी रिपेयरिंग का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। लाॅकडाउन के दौरान काम नहीं मिलने के कारण वह अपने जिले में आ गया। अब वह इसी जिले में रहकर एसी रिपेयरिंग का कार्य करना चाहता है। इस कार्य में टूल्स वगैरह खरीदने के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि टूल्स खरीदने हेतु बैंक से ऋण के लिए कल ही अप्लाई कर दें, आपको बैंक से ऋण मुहैया करायी जायेगी। इसी तरह एसी, फ्रीज, वाशिंग मशीन, आरओ आदि रिपेयरिंग का कार्य करने वाले मो0 कालीम, प्रमोद, विनोद ने भी इसी जिले में रहकर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। जिलाधिकारी द्वारा कहा गया कि आप सभी को जो भी सहायता चाहिए, जिला प्रशासन मुहैया करायेगा।

इसी प्रकार पलम्बर, कारपेंटर, पेंटर, टाइल्स, मार्बल सहित अन्य कार्यों में हुनरमंद वसंत कुमार राय, जीतन शर्मा, जितेन्द्र पंडित, परमेश्वर कुमार साह, सनोज कुमार, मनोज आदि से भी उनके हुनर के संबंध में जिलाधिकारी ने जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें इसी जिले में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निदेशित किये।

जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निदेश दिया गया कि अनआॅर्गेनाइज सेक्टर में कार्य करने वाले जिले के हुनरमंद कामगारों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाय। गु्रप में समय-समय पर इनके कल्याण हेतु किये जा रहे विभिन्न जानकारियां शेयर की जाय तथा इनके समक्ष आने वाली परेशानियों का निराकरण भी तत्क्षण किया जाय। इस क्रम में जिलाधिकारी द्वारा अन्य उद्यमियों से भी वार्ता की गयी और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है।

इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, बेतिया, श्री विजय उपाध्याय, वरीय उप समाहर्ता, श्री रवि प्रकाश सहित विभिन्न स्किल से जुड़े हुनरमंद कामगार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *